महोबा। जिले में मौसम का मिजाज सोमवार की शाम अचानक बदल गया। आसमान में बादल छाने के साथ तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। जिले की सीमा से सटे मध्यप्रदेश के बदौराकलां गांव में बकरियां चरा रहे किशोर की बिजली गिरने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है।
मध्यप्रदेश के थाना प्रकाश बम्हौरी के बदौराकलां निवासी देेवीदीन का पुत्र शीबू (12) सोमवार को बकरियां चराने खेतों की ओर गया था। शाम के समय अचानक तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी होने पर वह एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरने से किशोर अचेत होकर गिर गया। आसपास खेतों में मौजूद किसानों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। आनन-फानन किशोर को परिजन जिला अस्पताल महोबा लाए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों का अस्पताल परिसर में रो-रोकर बुरा हाल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। शाम के समय बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।