महोबा। कोरोना वायरस को लेकर जागरुकता अभियान तेज हो गए हैं। शहर के प्रियंका कॉवेंट स्कूल की प्रधानाचार्या आशा वाजपेयी के नेतृत्व में चार शिक्षकों की टीम द्वारा शहर के प्रमुख स्थानों पर जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान लोगों को न सिर्फ सावधानी बरतने की सलाह दी गई, बल्कि साबुन व पानी से हाथ धोने और सेनेटाइजर का उपयोग कराकर दिखाया गया।
प्रियंका कॉवेट स्कूल के शिवेंद्र वाजपेयी व अन्य शिक्षकों ने कोरोना वायरस के प्रति लोगों को जागरुक करने का वीणा उठाया है। उनकी टीम शहर में चार दिन के अंदर चार सौ परिवारों को जागरूक कर चुकी है। कोरोना वायरस से बचाव के लिए लोगों के बीच जाकर शिक्षक हाथ धोने के तरीके बता रहे हैं। बुधवार को शहर के हमीरपुर चुंगी के समीप अभियान चलाया गया। बच्चों से लेकर दुकानदारों तक के हाथ धुलवाए गए।
इस दौरान शिक्षकों ने बात करते समय लोगों से दूरी बनाए रखने, खांसते व छीकते समय नाक और मुंह में रूमाल का प्रयोग करने व किसी प्रकार की दिक्कत होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी। कहा कि कोरोना एक संक्रामक बीमारी है। जिससे सबको एक साथ होकर लड़ने की आवश्यकता है। सावधानी ही इस बीमारी से बचाव है। टीम में शिक्षक शिवेंद्र वाजपेयी, मनोज अनुरागी, वीरेंद्र अनुरागी, उमाशंकर आदि शामिल रहे।