महोबा। कोतवाली क्षेत्र के पसवारा गांव के पास ट्रक में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। इससे पूरे ट्रक मेंं करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से चालक की मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणोंं ने बिजली विभाग को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। गनीमत रही कि क्रॉसिंग कर रहे दूसरे वाहन के ट्रक से न छूने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना कबरई के अलीपुरा गांव निवासी धनप्रसाद उर्फ अवध (25) ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। गुरुवार सुबह वह डहर्रा गांव से ट्रक लेकर गिट्टी लेने पचहरा जा रहा था। रास्ते में पसवारा गांव के पास सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से क्रॉसिंग के दौरान ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर अवध प्रसाद के ट्रक में गिर गया। इससे पूरे ट्रक में करंट आने पर चालक अचेत हो गया।
काफी देर तक रास्ते में ट्रक खड़ा रहने से ग्रामीणोंं को आशंका हुई। तब बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को अचेत अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पत्नी लक्ष्मी, बेटी काव्या व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तार टूटने के मामले की पुलिस और बिजली विभाग जांच कर रही है।