महोबा। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परीक्षार्थियों को तनाव मुक्त रखने के लिए हेल्पलाइन सेवा शुरू कर दी गई है। हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर छात्र अपनी समस्या का समाधान कर सकते हैं।
बोर्ड परीक्षा की घड़ी जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे कई विद्यार्थी तनाव में आने लगते हैं। घबराहट में विद्यार्थी पढ़े हुए विषय भी भूल जाते हैं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होने जा रहे विद्यार्थियों को इस समस्या से उबारने के लिए यूपी बोर्ड ने हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से संचालित मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के लिए टेलीमानस के टोल फ्री नंबर 14416 या 18008914416 से संपर्क कर अपनी समस्या का हल पा सकते हैं।
डीआईओएस प्रेमचंद ने संस्थान के मुख्यद्वार, नोटिस बोर्ड, कक्षाओं, पुस्तकालय, छात्रावासों व सार्वजनिक स्थलों पर हेल्पलाइन नंबरों का प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि प्रार्थना सभा, शिक्षक-अभिभावक बैठक और कक्षाओं के माध्यम से छात्रों को इन हेल्पलाइन नंबर की उपयोगिता के बारे में जागरुक किया जाए। ताकि, जरूरत पड़ने पर छात्र-छात्राएं हेल्पलाइन नंबर से मदद हासिल कर सकें।