फोटो 22 एमएएचपी 17 परिचय-आग लगने से धू-धूकर जलता मकान। संवाद
खरेला (महोबा)। थाना खरेला के पाठा गांव में सोते समय मकान में आग लगने से दिव्यांग जिंदा जल गया। आशंका जताई जा रही है कि सर्दी से बचाव के लिए जलाई गई आग बुझाए बिना ही सो जाने से घटना हुई। आग बुझने के बाद जब मलबा हटाया गया तो दिव्यांग की सिर्फ हड्डियां मिलीं। सूचना पर पुलिस ने परिजनोंं को सूचना देते हुए घटना की जांच की।
पाठा गांव निवासी रूपा कहार (60) एक पैर से दिव्यांग था। अविवाहित होने के चलते वह घर पर अकेला रहता था जबकि उसके भाई व भतीजे गुजरात में रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं। रविवार की देर रात वह मकान में सोया था। तभी मकान से आग की लपटें और धुए का गुबार उठता देख ग्रामीण एकत्र हो गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस व फायर बिग्रेड को दी गई। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक पूरा मकान जल गया।
मकान के जले मलबे को हटाने पर दिव्यांग की हड्डियां मिलीं। लोगों ने आशंका जताई है कि हो सकता सर्दी से बचाव के लिए दिव्यांग ने आग जलाई और बिना बुझाए ही सो गया। आग की चिंगारी से मकान में आग लगा ली। थानाध्यक्ष खरेला बलवान सिंह का कहना है कि रूपा मकान में अकेला रहता था। ठंड से बचाव के लिए जलाई गई आग की चिंगारी से मकान में आग लगने और मौत होने की आशंका है। घटना की जांच कराई जा रही है। मृतक के परिजनों को भी सूचना दी गई है।