महोबा। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को रैपुरा गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मंगलवार को युवक के बड़े भाई की शादी होना है। शादी से एक दिन पहले सड़क हादसे में युवक की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। इससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और जान चली गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रैपुरा गांव निवासी जगतराम के बड़े बेटे राजाराम की 28 अक्तूबर को जनपद सोनभद्र बरात जाना है। जिसकी घर पर तैयारियां चल रही थीं। छोटा बेटा रामहेत (25) दोपहर के समय बाइक से मामा को लेने के लिए करहरा गांव जा रहा था। तभी हाईवे पर रैपुरा के पास सामने आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे युवक उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। खून से लथपथ पड़े युवक को देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। कोतवाल मनीष कुमार पांडेय का कहना है कि दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले चालक और वाहन की तलाश की जा रही है।