महोबा। चरखारी-गुढ़ा मार्ग पर बारिश के दौरान यातायात में बाधा बनने वाले रपटा के स्थान पर अब सेतु निर्माण निगम की ओर से नया पुल बनाया जाएगा। ताकि इस मार्ग से आवाजाही करने वाले लोगों को दिक्कत न हो। मंगलवार को उत्तर प्रदेश सेतु निर्माण निगम इकाई बांदा के सहायक अभियंता गजेंद्र चौधरी ने टीम के साथ रपटा का निरीक्षण किया। तय किया गया कि गुढ़ा में रपटा के स्थान पर 15 मीटर ऊंचा व 140 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा।
पिछले दिनों हुई भारी बारिश के दौरान चरखारी-राठ मार्ग पर गुढ़ा गांव के पास बने रपटा के ऊपर से पानी बहने लगा था। इससे मार्ग पर चार दिन आवागमन ठप रहा। गौरहारी के समाजसेवी डॉ. योगेंद्र मिश्रा ने डीएम गजल भारद्वाज को पत्र सौंपकर समस्या का समाधान कराने की मांग की थी। तब डीएम ने सेतु निर्माण निगम के अधिकारियों को मौके का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। सेतु निर्माण निगम के सहायक अभियंता ने मौके पर पहुंचकर गुढ़ा गांव में स्थित रपटा का निरीक्षण किया। उन्होंने वर्तमान में रपटे की नामजोख कराई। तब रपटा 95 मीटर चौड़ा व पांच मीटर ऊंचा मिला। उन्होंने बताया कि इस रपटा की ऊंचाई व लंबाई बेहद कम है। इससे बारिश दौरान रपटा उफना जाता है और इसके ऊपर से पानी निकलने लगता है। पुल ऊंचा न होने से बारिश दौरान पानी का बहाव सही तरीके से नहीं हो पाता। इससे चलते यह समस्या होती है। इस रपटे के स्थान पर 15 मीटर ऊंचा व 140 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा। जल्द ही इसका प्रस्ताव डीएम के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने शिकायतकर्ता से भी रपटा के संबंध में जानकारी हासिल की।
महोबा को जनपद हमीरपुर से जोड़ता है चरखारी-गुढ़ा मार्ग
महोबा। चरखारी-गुढ़ा मार्ग जनपद महोबा को हमीरपुर जिले से जोड़ता है। गुढ़ा गांव में रपटा के स्थान पर नया पुल बनने से चरखारी, गुढ़ा, गौरहारी, बपरेथा, करहरा खुर्द और हमीरपुर जिले के सीमावर्ती गांव समेत राठ, उरई सफर करने वाले लोगों को आसानी होगी। पुल पार कर पनवाड़ी होकर सीधे झांसी जाने वाले लोगों को भी सहूलियत रहेगी। इस मार्ग के भटेवराकलां, किल्हौआ आदि गांवों के ग्रामीणों को भी आवागमन में लाभ मिलेगा।