महोबा। बिजली सब स्टेशन बजरिया का ट्रांसफार्मर शनिवार देर शाम फुंक गया। इससे शहर में 17 घंटे बिजली सप्लाई ठप रही। विद्युत आपूर्ति ठप रहने से पानी की सप्लाई भी शहर में प्रभावित रही। वहीं भीषण गर्मी से स्थानीय बाशिंदों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शनिवार देर शाम करीब 7.30 बजे ओवारलोड के चलते बिजली सब सटेशन का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे नयापुरा नैकाना, नैकानापुरा, गांधीनगर, आल्हा चौक, मुख्य बाजार, नारूपुरा, मिल्कीपुरा, कसबाथाई, कत्तीपुरा, तकियापुरा, मनिहारनपुरा सहित आधे शहर में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता ने रात में ही बिजली कर्मचारियाें की टीम लगा दी। इसके बावजूद लोगों को अंधेरे में गुजारनी पड़ी। वहीं कर्मचारियों की टीम पूरी रात मरम्मत में जुटी रही, लेकिन कामयाबी नहीं मिली और उन्हें वापस लौटना पड़ा।
रविवार सुबह 10 बजे बिजली विभाग के कर्मचारी दोबारा बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गए और दोपहर करीब 12.30 बजे बिजली व्यवस्था बहाल हो सकी। बिजली आते ही लोगाें ने भीषण गर्मी से राहत ली। लेकिन शनिवार की पूरी रात बिजली गुल रहने से लोगाें की राताें की नींद हराम हो गई। वहीं मच्छराें की भरमार के चलते लोगाें को रात जागकर काटनी पड़ी।