महोबा। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के स्थापना दिवस पर लेखपालाें ने शुक्रवार को अनाथालय में अनाथ बच्चाें को गर्म कपड़े और फल वितरित किए। नए कपड़े पाकर बेसहारा बच्चाें के चेहरे खुशी से खिल उठे।
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के 53वें स्थापना दिवस पर अनाथालय में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष बदलू प्रसाद हितैषी ने कहा कि संघ ने 53 साल में लेखपालाें की समस्याआें का निराकरण कराने में अहम भूमिका निभाई है। लेखपालाें को संघ द्वारा समय-समय पर लड़ी गई लड़ाई का लाभ मिल रहा है। सचिव देवकी नंदन अग्निहोत्री ने कहा कि संघ के माध्यम से लेखपालाें की समस्याआें का जिलास्तर पर निराकरण कराया है। कहा कि संघ के बनने के बाद से लेखपालाें का उत्पीड़न नहीं हो सका है।
तहसील अध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ ने कहा कि लेखपालाें की अनाथालय में बच्चाें को गर्म कपड़े वितरित करके उन्हें सर्दी से बचाने की पहल सराहनीय है। कहा कि अनाथ बच्चाें को गर्म कपड़े वितरित करना या उनकी मदद करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। इससे पूर्व लेखपालाें ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर उपाध्यक्ष रामदास यादव, विष्णु प्रसाद, शिवप्रसाद, अरुण कुमार, नाथूराम, मिथलेश कुमार आदि उपस्थित रहे। बाद में लेखपालों ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजाें को फल वितरित किए।