महोबा। अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2014 में छात्र-छात्राआें ने खासा उत्साह दिखाया। 585 परीक्षार्थियाें ने परीक्षा में अपनी धमाकेदार उपस्थिति दर्ज कराई। चुस्त दुरुस्त व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2014 में परीक्षार्थियों की खासी भीड़ जुटी। परीक्षा केंद्र पर दो घंटा पहले ही लिस्ट में अपना नाम, रोल नंबर और कक्ष संख्या देखने के लिए भीड़ जुटना शुरू हो गई। निर्धारित समय पर परीक्षार्थियों को कक्षाें में प्रवेश कराया गया। परीक्षा के दौरान चुस्त दुरुस्त इंतजामाें के चलते किसी प्रकार की अव्यवस्था से परीक्षार्थियों को नहीं जूझना पड़ा। कक्षा नौ और 10, कक्षा 11 और 12 व स्नातक स्तर के परीक्षार्थियों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की गई थी।
परीक्षा में कक्षा नौ से लेकर स्नातक तक कुल 1156 परीक्षार्थियाें को शामिल होना था। हाईस्कूल ग्रुप से 358 में से 258 परीक्षार्थी शामिल हुए। इंटरमीडिएट ग्रुप के 597 में से 193 और स्नातक ग्रुप के 201 में से 134 परीक्षार्थी शामिल हुए। इस तरह से कुल 585 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा सुबह 11 बजे आरंभ हुई। इस दौरान परीक्षार्थियों को दिशा निर्देश देकर उत्तर पुस्तिका में नाम, रोल नंबर, परीक्षा केंद्र का नाम आदि प्रविष्टियां अंकित कराई गईं।
परीक्षा दौरान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विपिन बिहारी द्विवेदी तथा अमर उजाला ब्यूरो प्रमुख नईमुर्रहमान ने कक्षाें में जाकर व्यवस्था का जायजा लिया। अमर उजाला टीम के साथ-साथ टीचरों ने परीक्षा में विशेष योगदान दिया। इस दौरान पूर्व प्रधानाचार्य शिवकुमार गोस्वामी, डॉ. एलसी अनुरागी, सरगम खरे, पं. जगप्रसाद तिवारी, केएल सैनी, अमर उजाला टीम के सदस्य रोहित दीक्षित, दीपेश तिवारी, एके त्रिपाठी, कैलाशनाथ गोस्वामी, केके सोनी, ब्रजेश अग्रवाल, बलराम, सुशांत खरे, अरविंद सिंह के अलावा अरुणोदय संस्थान की मंजू सहित दो महिला कार्यकर्ताआें ने सहयोग किया।
टीचरों ने परीक्षा में निभाई अहम भूमिका- अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2014 में सहयोग करने के प्रति टीचरों में खासा उत्साह दिखाई दिया। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विपिन बिहारी द्विवेदी ने केंद्र पर परीक्षा व्यवस्था से लेकर विद्यालय के टीचर पं. जगप्रसाद तिवारी, केएल सैनी, सुनील द्विवेदी, रवींद्र चौरसिया, तेजप्रताप दीक्षित, देवीचरण शुक्ला, नरेश प्रजापति, अनिल चौरसिया, प्रियव्रत अग्रवाल, आशुतोष पाठक आदि को लगाकर सहयोग किया।
परीक्षा के दौरान मुस्तैद रहा पुलिस बल- अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2014 के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इस गरज से सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी परीक्षा के समय से लेकर पेपर छूटने तक विद्यालय के गेट पर तैनात रहे।
परीक्षाथियों में दिखा जबरदस्त उत्साह- अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2014 का उत्साह परीक्षार्थियाें पर सिर चढ़कर बोल रहा था। शनिवार रात कार्यालय बंद होने से पहले ही रात 8:30 बजे तक छात्र-छात्राएं सीटिंग प्लान आदि के बाबत जानकारी लेने के लिए आते जाते रहे। परीक्षा केंद्र सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के बाहर रात में चस्पा की गई लिस्ट चस्पा कर दी गई थी। परीक्षार्थी देर रात में अपना नाम देखने के लिए मोबाइल की टार्च का इस्तेमाल करते देखे गए।