महोबा। लौड़ी रोड पर टेंपो की टक्कर से घायल युवती को टेंपो चालक जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। घायल के परिजनाें ने अस्पताल के गेट पर तैनात होमगार्ड पर सांठगांठ कर टेंपो चालक को भगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा और नारेबाजी की।
बिच्छू पहाड़िया निवासी शाहजहां (35) मंगलवार को सुबह कांशीराम कालोनी से लौड़ी तिराहा की तरफ पैदल आ रही थी। पीली कोठी के पास पीछे से आ रहे टेंपो ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गई। टेंपो चालक ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया और भर्ती कराने के बाद फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गये, लेकिन टेंपो चालक को गायब देख परिजनाें ने हंगामा काटा और नारेबाजी की। परिजनाें ने अस्पताल के गेट पर तैनात होमगार्ड पर सांठगांठ कर टेंपो चालक को भगाने का आरोप लगाते हुए उससे नोकझाेंक की। बाद में इमरजेंसी में तैनात स्वास्थ्य कर्मचारियाें और अन्य तीमारदाराें के सहयोग से मामला शांत कराया गया।