महोबा/कबरई। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक ने बेकाबू होेने के बाद छह राहगीरों को कुचल दिया।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। उधर सूरा चौकी के पास बाइक से गिर कर घायल युवती ने मेडिकल कालेज, झांसी में दम तोड़ दिया।
बुधवार को कानपुर से गिट्टी लेने आ रहे ट्रक ने कबरई तिराहे से पहले हाईवे पर ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।
इससे बेकाबू होने के बाद ट्रक सड़क किनारे जा रहे किदवई नगर निवासी मुल्लू (35), मनीष तिवारी (30), रामसजीवन (40), महेंद्र (42), कंधीलाल (50) सहित आधा दर्जन लोगाें को कुचलते हुए पेड़ से टकरा गया। दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक चालक की ग्रामीणों ने जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। नाराज ग्रामीणाें ने हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सीओ सदर संदीप कुमार ने ग्रामीणाें को समझा बुझाकर एक घंटे बाद जाम खुलवाया। जाम खुलने पर यातायात व्यवस्था बहाल हुई। उधर थाना श्रीनगर के ग्राम बरा निवासी दीपक अपनी पत्नी नीलम (22) के साथ बाइक से महोबा जा रहा था। सूरा चौकी के पास नीलम बाइक से गिरकर बुरी तरह घायल हो गई। उसे मेडिकल कॉलेज, झांसी ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।