चरखारी महोबा। नौतपा के साथ भीषण गर्मी और लू के थपेड़ाें से जन जीवन अस्त व्यस्त होकर रह गया है। दिन प्रतिदिन बढ़ रहे तापमान ने आम आदमी को झकझोर कर रख दिया है। हालत यह है कि सुबह आठ बजते ही गर्मी अपना अहसास कराने लगती है। सूर्य की तपिश के बढ़ने के साथ ही गर्मी अपने शबाब पर हो जाती है। शु्क्रवार को जनपद का तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गर्मी से बेचैनी व अंगारों की तरह शरीर पर चुभती सूरज की किरणों ने नागरिकों को हाल-बेहाल करके रख दिया है। तमाम बचावों के बावजूद लोग गर्मी और लू के शिकार हो रहे हैं। गर्मी के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं शीतल पेय पदार्थों की बिक्री में यकायक इजाफा हो गया है।
शुक्रवार को अदालत से वापस कोतवाली जाते समय थाने के समीप सूपा पुलिस चौकी इंचार्ज गश खाकर गिर गए। आननफानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी में भर्ती कराया गया। इससे एक दिन पहले जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चरखारी में बीटीसी का प्रशिक्षण ले रही एक छात्रा गश खाकर गिर गई थी।