महोबा। पार्टी हाईकमान के सख्त निर्देशाें के बाद भी सत्ता की हनक गांठने की होड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। शहर के चौराहे सपा के होर्डिंग्स और बैनराें से पटे पड़े हैं। वहीं अनधिकृत रूप से पार्टी का झंडा लगाए गाड़ियों से फर्राटा भरकर सपा के नेता मुख्यमंत्री के आदेशाें का मजाक उड़ा रहे हैं।
गौरतलब है कि दस दिन पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कुछ पार्टी पदाधिकारियाें को छोड़कर अन्य सपाइयाें को चौराहाें पर लगे होर्डिंग और बैनर हटाने के निर्देश दिए थे। इतना ही नहीं गाड़ियाें में लगे झंडे, हूटर, स्टीकर और नेमप्लेट तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए थे जिस पर जिलाध्यक्ष ने भी पार्टी पदाधिकारियाें और कार्यकर्ताआें से अपनी गाड़ियाें से झंडे और प्रचार सामग्री हटाने की अपील की थी। इसके बावजूद पार्टी पदाधिकारियाें और कार्यकर्ताआें पर इसका कोई असर नहीं हो रहा है। सीएम के निर्देशाें को दरकिनार कर सपाइयाें की गाड़ियां खुलेआम पार्टी का झंडा लहराते हुए फर्राटा भर रही हैं। जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव का कहना है कि सड़काें पर लगे होर्डिंग्स, बैनर और गाड़ियाें में लगे झंडे व स्टीकर हटवाने के लिए पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ली है। उनके सहयोग से अभियान चलाकर गाड़ियाें से झंडे हटवाए जाएंगे।