महोबा। चुनावी धुन में सरकार की तमाम योजनाएं गुम हो गई। योजनाओं का लाभ लेने के लिए उम्मीद लगाए लोगों में मायूसी दिख रही है। वहीं जगह-जगह चल रहे निर्माण कार्य रुक गए हैं। प्रधानमंत्री आवास का इंतजार कर रहे लोग इंतजार करते ही रह गए। तमाम लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने की उम्मीद में जर्जर मकान गिरा दिया। सूची में नाम आ जाने के बाद आचार संहिता लग जाने से अब उनके भवन निर्माण भी अधर में लटक गए है।
अटल ज्योति, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए तमाम लोगों ने आवेदन किए थे। बड़े पैमाने पर लोगों के पात्रता सूची में नाम भी आ गए। जिससे लोगों को योजना का लाभ मिलने की उम्मीद जागी थी लेकिन अचानक आचार संहिता लग जाने से महत्वाकांक्षी योजनाएं चुनावी धुन में गुम हो गई। किसी का आवास अधूरा पड़ा है तो किसी का गैस कनेक्शन और बिजली कनेक्शन अधर में लटक गया है। लौड़ी तिराहा से कुम्हड़ौरा गांव तक कराए जा रहे सड़क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा था लेकिन आचार संहिता के चलते बजट न आने के कारण आधी अधूूरी सड़क बनने के बाद अधर में लटक गई। जिससे आवागमन में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। चुनाव के चलते तमाम योजनाओं का काम ठप सा हो गया है।