खरेला (महोबा)। थाना खरेला के ग्राम धवारी में सोमवार की रात पशुबाड़े का ताला तोड़कर चोर नौ बकरियां ले गए। पीड़ित ने तीन लोगों पर बकरी चोरी करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
ग्राम धवारी निवासी अर्जुन विश्वकर्मा पशुपालन करके परिवार का भरण-पोषण करता है। सोमवार की शाम अर्जुन ने खेतों से आकर पशुओं को मकान के पास बने पशुबाड़े में बांध दिया और घर आकर खाना खाने के बाद सो गया। सुबह जब पशुपालक पशुबाड़े पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। पशुबाड़े का ताला टूटा मिला व नौ बकरियां गायब मिली। पीड़ित ने चोरी गई बकरियों की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई है।
पीड़ित ने थाना खरेला में घटना की तहरीर सौंपी। जिसमें आरोप लगाया कि कुछ दिन से बकरियों के खरीददार प्रतिदिन आ रहे थे लेकिन वह बकरियां नहीं बेंच रहा था। पीड़ित ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर चोरी का आरोप लगाया है। बताया कि पिछले वर्ष भी उसकी आधा दर्जन बकरियां चोरी हो गई थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।