महोबा। समाज कल्याण विभाग की ओर से शहर के कम्युनिटी गार्डन में 28 अक्तूबर को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन होगा जिसमें 89 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने कार्यक्रम को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी हैं। यातायात, शांति व सुरक्षा व्यवस्था के लिए आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के लिए अपर एसपी वंदना सिंह को प्रभारी अधिकारी बनाया गया। सीएमओ डॉ. विनय कुमार की ओर से मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। जिला अभिहित अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर खाने की गुणवत्ता व स्वच्छता की जांच करेंगे। जिला अग्निशमन अधिकारी महेंद्र सिंह की ओर से फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की जाएगी।
डीपीआरओ सीके वर्मा 10 सफाईकर्मियों की व्यवस्था करेंगे। पालिका ईओ अवधेश कुमार को भोजन की तैयारी के लिए स्वच्छ पेयजल को वाटर टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी बीडीओ व ईओ अपने निकाय और ब्लॉक से संबंधित जोड़ों को समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाने, विवाह मंडप में निर्धारित स्थान पर बैठाने, वैवाहिक जोड़ों व उनके परिजन की खानपान की व्यवस्था अपनी देखरेख में कराएंगे।