-बारिश से लबालब हुए जनपद के सभी बांध, बढ़ाई गई निगरानी
-धसान नदी के आसपास के 15 और उर्मिल के निकट आबाद 12 गांवों में अलर्ट जारी
फोटो 04 एमएएचपी 13 परिचय-यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित उर्मिल बांध के तीन फाटक खोलकर निकाला जा रही अतिरिक्त पानी। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। लगातार हो रही बारिश से जनपद के बांध लबालब हो गए हैं। ऐसे में बांध की निगरानी बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को लहचूरा बांध से 87,900 क्यूसेक पानी धसान नदी में व उर्मिल बांध से 15 हजार क्यूसेक पानी उर्मिल नदी में छोड़ा गया। साथ ही धसान के आसपास के 15 गांवों और उर्मिल नदी के आसपास 12 गांवों में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को नदी के पास आने से रोका गया है। सिंचाई विभाग की ओर से बांधों में स्थापित की गईं बाढ़ नियंत्रण चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। हर दो-दो घंटे के अंतराल में बांधों के जलस्तर की नाप कराई जा रही है।
मानसून सत्र के दौरान माह अगस्त व सितंबर के प्रथम सप्ताह बारिश के दृष्टिकोण से बेहतर रहा। कभी रिमझिम तो कभी झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। ऐसे में जिले के अर्जुन, कबरई, चंद्रावल, उर्मिल, लहचूरा आदि बांधों के जलस्तर में काफी बढ़ोतरी हुई है। लहचूरा और कबरई बांध पूरी तरह लबालब है जबकि उर्मिल व अर्जुन बांध अपनी अधिकतम भंडारण क्षमता से करीब पहुंच गया है। ऐसे में बांधों में इस समय चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है। सिंचाई विभाग पूरी तरह सक्रिय है और बांधों की निगरानी बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को अर्जुन बांध से 3,200 क्यूसेक, चंद्रावल बांध से दो हजार क्यूसेक, कबरई बांध से नौ सौ क्यूसेक, उर्मिल बांध से 15 हजार क्यूसेक, लहचूरा बांध से 87 हजार 900 क्यूसेक, क्योलारी बांध से 268 क्यूसेक और रतौली बांध से 300 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया।
बांधों का जलस्तर मीटर में
बांध-न्यूनतम-अधिकतम-वर्तमान
अर्जुन-167.64-176.17-175.41
चंद्रावल-146.91-152.40-151.58
कबरई-149.04-159.00-159.00
मझगवां-217.01-224.33-223.30
उर्मिल-228.30-237.43-236.40
लहचूरा- 179.83-182.30-182.30
सौ फीसदी भरे कबरई और लहचूरा बांध
महोबा। जनपद के बांध पानी से लबालब हैं। इस समय अर्जुन बांध 81.19 फीसदी, चंद्रावल बांध 80.30 फीसदी, कबरई बांध सौ फीसदी, मझगवां बांध 73.56 फीसदी, उर्मिल बांध 78.67 फीसदी, लहचूरा बांध सौ फीसदी, क्योलारी बांध 83.96 फीसदी व रतौली बांध 77.58 फीसदी भरा हुआ है।
मध्य प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश से बढ़ा उर्मिल का जलस्तर
श्रीनगर। मध्य प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश से उर्मिल बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते सिंचाई विभाग की ओर से बांध की सुरक्षा की दृष्टि से तीन फाटक खोलकर 15 हजार क्यूसेक पानी उर्मिल नदी में छोड़ा गया। साथ ही नदी किनारे के गांव में बसे ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बीते दो दिन से लगातार झमाझम बारिश हो रही है। इससे बांध का जलस्तर 236.70 मीटर पर पहुंच गया, जो अधिकतम क्षमता से 30 सेंटीमीटर कम था। बांध के जलस्तर में हो रही लगातार वृद्धि के चलते सिंचाई विभाग को बांध की सुरक्षा को ध्यान रखते हुए बांध के फाटक खोलने पड़े। बृहस्पपतिवार की रात सिंचाई प्रखंड के अधिशासी अभियंता मोतीलाल के निर्देश पर सहायक अभियंता शिव वर्मा एवं अवर अभियंता रोहित कुमार ने बांध के दो फाटक खोलकर करीब 4,000 क्यूसेक पानी उर्मिल नदी में छोड़ा जबकि शुक्रवार की सुबह तीन फाटक डेढ़ मीटर की ऊंचाई से खोलकर 15 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बांध के नीचे वाले इलाकों में बसे शमशेरा, फुटेरा, इमलिया, अतरारमाफ, कैमाहा, डिगरिया, सिजरिया समेत 12 से ज्यादा गांवों के ग्रामीणों को नदी किनारे न जाने व सुरक्षित रहने की सलाह दी है। सहायक अभियंता ने बताया कि बांध का जलस्तर प्रत्येक घंटे में पांच से सात सेंटीमीटर बढ़ रहा है। इसके चलते बांध की सुरक्षा की दृष्टि से फाटक खोले गए।