-एक जनवरी से 15 फरवरी तक प्रयागराज में चलेगा माघ मेला
फोटो 17 एमएएचपी 04 परिचय-महोबा डिपो में खड़ी रोडवेज बसें। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। प्रयागराज में माघ मेले के लिए महोबा डिपो की ओर से 80 बसें चलाई जाएंगी। एक जनवरी से 15 फरवरी तक प्रमुख स्नान पर्वों के लिए बसें चलाई जाएंगी।
महोबा डिपो में इस समय निगम की 122 और 15 अनुबंधित बसें शामिल हैं जो हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, झांसी, जालौन, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, बलिया, बरेली, दिल्ली आदि रूटों पर फर्राटा भरती हैं। माघ मेला को देखते हुए हर बार की तरह इस बार भी यात्रियों की सुविधा के लिए बसें चलाई जाएंगी।
डिपो प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए निगम की ओर से बसों के संचालन की व्यवस्था की गई है। बताया कि प्रयागराज के लिए कुलपहाड़, चरखारी से 10-10, मुस्करा, छतरपुर, नौगांव, चंदला से पांच-पांच व महोबा से 40 बसों चलाई जाएंगी। बस संचालन को लेकर चालकों-परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं।
मंडल से प्रयागराज के लिए चलेंगी 280 बसें
चित्रकूटधाम बांदा के क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि माघ मेला को लेकर मंडल से 280 बसों का संचालन किया जाएगा। जिसमें से बांदा और महोबा से 80-80, राठ से 65 व हमीरपुर से 55 बसें चलाई जाएंगी। यात्रियोंं की उपलब्धता के आधार पर और बसों का संचालन किया जाएगा। बताया कि हमीरपुर एआरएम आरपी साहू को मेला अधिकारी नामित किया गया है। महोबा डिपो के भूपेंद्र भास्कर और रामगोपाल की ड्यूटी प्रयागराज स्थित अस्थाई बस स्टेशन लेप्रोसी में लगाई गई है।
स्नान की यह हैं महत्वपूर्ण तिथियां
जनपद प्रयागराज में आयोजित माघ मेले में तीन जनवरी को पौष पूर्णिमा, 15 जनवरी को मकर संक्रांति, 18 जनवरी को मौनी अमावस्या, 23 जनवरी को बसंत पंचमी, एक फरवरी को माघी पूर्णिमा व महाशिवरात्रि पर 15 फरवरी को स्नानार्थियों की भीड़ उमड़ेगी।