चार दिन बाद भी टूटे पड़े तार व खंभे
- फोटो : MAHOBA
महोबा। चार दिन पहले आई तेज आंधी के बाद विकासखंड जैतपुर के कई गांव के खंभे व तार टूटकर गिर गए। 72 घंटे बाद भी विभाग बिजली लाइन दुरुस्त नहीं करा सका। इसकी वजह से 30 से ज्यादा गांव अभी भी अंधेरे में हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बहाल न होने से पेयजल संकट के साथ-साथ गर्मी से ग्रामीणों का बुरा हाल है।
28 मई को दोपहर करीब तीन बजे तेज आंधी आने के बाद विकासखंड जैतपुर के कई गांव के बिजली के खंभे और तार टूटने के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। बिजली विभाग के अधिकारियों की अकर्मण्यता के चलते चार दिन बाद भी न तो खंभे लग सके और न ही तार खींचा जा सका। जिससे स्यावन, हसला, गुढ़ा, सारंगपुरा, इंद्रहटा, अजनर, चमरुआ, धवर्रा सहित 30 गांव तीन दिन से अंधेरे में डूबे हैं। बावजूद इसके बिजली विभाग के अधिकारी चार दिन बाद भी बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं कर सके। जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भीषण गर्मी में भुगतना पड़ रहा है।
बिजली न आने से गांवों में पेयजल आपूर्ति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पानी के लिए ग्रामीणों की भीड़ हैंडपंपों और कुओं में जुट रही हैं। चार दिन से बिजली न आने के कारण आटा चक्की बंद पड़ी है। आटा पिसाने के लिए लोग दस किमी दूर दूसरे गांव जा रहे हैं। बिजली विभाग के अवर अभियंता शैलेंद्र कुमार का कहना है कि काम चल रहा है। सोमवार तक बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी।