महोबा। जिले में संचालित परिषदीय स्कूलों व कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों को सौर ऊर्जा से रोशन किया जाएगा। इसके लिए 710 विद्यालयों में ऑनग्रिड सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराए जाएंगे। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इसको लेकर कवायद शुरू कर दी गई है। जिले के चारों ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारियों ने स्कूलों के बिजली कनेक्शनों का ब्योरा मांगा है।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 840 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और चार कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। इनमें से 126 विद्यालयों में पहले से ही कंपोजिट बजट से बैटरी, इनवर्टर आदि की व्यवस्था की जा चुकी है। ऐसे में असंतृप्त 706 परिषदीय स्कूलों व कबरई, जैतपुर, पनवाड़ी और चरखारी ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के भवनों में ऑनग्रिड सोलर रूफटाॅप संयंत्र स्थापित किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बीएसए राहुल मिश्रा ने सभी ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर परिषदीय स्कूलों के बिजली कनेक्शन का ब्योरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इन स्कूलों में जितने किलोवॉट का पहले से बिजली कनेक्शन है वहां उसने ही किलोवॉट का सोलर संयंत्र लगाया जाएगा। इससे स्कूलों में सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली की उपलब्धता कराई जाएगी।