महोबा। रोडवेज में 70 परिचालक अब संविदा पर तैनात होंगे। परिवहन निगम के परिक्षेत्र कार्यालय को संविदा पर परिचालकों की तैनाती की अनुमति जारी कर दी गई है। अभी तक इन्हें एजेंसी से आउटसोर्स पर तैनात किया जा रहा था। इसके अलावा इनके मानदेय पर भी वृद्धि होगी।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम मुख्यालय ने प्रत्यक्ष अनुबंध पत्र के आधार पर परिचालकों की आपूर्ति को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है। इच्छुक आउटसोर्स परिचालकों को सीधे अनुबंधित किया जाएगा। अभ्यर्थियों का सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। भ्रष्टाचार के चलते एजेंसी को वापस किए गए परिचालकों को सीधे अनुबंध पर समायोजित नहीं किया जाएगा। निगम ने 31 अक्तूबर को अनुबंध अवधि समाप्त होने वाले सेवाप्रदाताओं के लिए भी निर्देश दिए हैं।
शासन के निर्देश पर अब परिवहन निगम के महोबा डिपो में 70 आउटसोर्स परिचालकों को इस बदलाव का लाभ मिलेगा। अभी तक आउटसोर्स परिचालकों को 1.75 रुपये प्रति किमी मानदेय मिलता था जो बढ़कर 2.16 रुपये प्रति किमी हो जाएगा। डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कमल किशोर आर्य ने बताया कि आउटसोर्स परिचालकों को संविदा में तैनाती के लिए शासनादेश जारी हुआ है।