महोबा/चरखारी। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में शिक्षक समेत 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
थाना खन्ना के ग्राम बहिंगा निवासी बलबीर सिंह यादव पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुड़ार में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात है। वह बाइक से बुधवार को घर लौट रहे थे। तभी गोवर्धन महाविद्यालय के पास सामने से आ रही बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी बाइक में सवार बद्री पुत्र शिवदयाल निवासी सिंकदरपुरा राठ भी घायल हुआ।
दुर्घटना के बाद सड़क से गुजर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने शिक्षक की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। ग्राम सिचौरा निवासी कामता प्रसाद (50) अपनी पत्नी विजयकांति (45) के साथ बाइक से महोबा आ रहा था, तभी रास्ते में बाइक असंतुलित होकर फिसल गई। इससे पति-पत्नी गिरकर घायल हो गए। कस्बा खरेला निवासी जीतू पुत्र रामपाल, लोहारी निवासी पुष्पेंद्र पुत्र राधश्याम, ऑफिसर्स कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश द्विवेदी व पुरवा पनवाड़ी निवासी पूरनलाल अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए हैं।