कबरई (महोबा)। कबरई-चंद्रावल रोड पर कार अनियंत्रित होकर घर के दरवाजे पर बैठे आधा दर्जन से ज्यादा लोगों पर चढ़ गई। एक युवक की मेडिकल कालेज कानपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और घटना के विरोध में कबरई मार्ग में जाम लगा दिया। कोतवाली प्रभारी कबरई के समझाने-बुझाने के एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
कस्बा कबरई के मोहल्ला विशाल नगर निवासी राहुल (25) पुत्र बालकराम, हरिश्चंद्र (70) पुत्र छोटेलाल, छोटू (29) पुत्र दुलारे, सोनू (16) पुत्र विजय, महोबा निवासी विशाल (17), राज (30) पुत्र बलराम और मौदहा निवासी अमर सिंह (30) पुत्र छोटेलाल गुरुवार को दोपहर तीन बजे घर के दरवाजे पर बैठे बातचीत कर रहे थे। इसी बीच चार पहिया वाहन चालक दरवाजे पर बैठे लोगों को रौंदता हुआ मकान की दीवार से टकरा गया। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई।
आसपास के लोग दौड़ पड़े और वाहन चालक को पकड़ लिया। जबकि कार में बैठे दो अन्य लोग भाग खड़े हुए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई में भर्ती कराया गया। जहां पर राहुल और अमर सिंह की हालत नाजुक होने पर दोनों को मेडिकल कालेज कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान राहुल की मौत हो गई जबकि अमर सिंह की हालत नाजुक है।
मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने वाहन चालक को जेल भेज दिया है। राहुल की मौत के बाद ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर शुक्रवार को सुबह नौ बजे जाम लगा दिया। एक घंटे जाम लगा रहने से आवागमन ठप रहा। कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए 10 बजे जाम खुलवा दिया।