महोबा। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहीत की गई भूमि के बैनामे तेज गति से कराए जा रहे हैं। जिसके तहत अब तक सात गांव की 232 हेक्टेयर अधिग्रहीत की गई भूमि से 176 हेक्टेयर भूमि खरीद ली गई है। जिले में अब तक कुल भूमि का 75 फीसदी खरीद होने के कारण महोबा ने मंडल में पहला स्थान प्राप्त किया है।
जिले में महोबा तहसील के खन्ना, ग्योढ़ी, कोहारी, बन्नी व पुरा और चरखारी तहसील के खरेला, पुन्निया व बरायं आदि गांव के 555 किसानों के सापेक्ष 254 बैनामे हो चुके हैं। शासन के निर्देश पर अभी तक 232 हेक्टेयर के सापेक्ष 176 हेक्टेयर भूमि की खरीद हो चुकी है। भूमि अधिग्रहण के बाद बैनामा कराने में अब तक करीब 45 करोड़ रुपया व्यय किया जा चुका है। अब जिला प्रशासन ने यूपीडा से 63 करोड़ रुपये की और मांग की है। शीघ्र बजट मिलते ही शत प्रतिशत भूमि के बैनामे करा लिए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी पूनम निगम ने बताया कि 14 ग्राम पंचायतों के 309 किसानों की जमीन अधिग्रहीत की गई है। खन्ना गांव की अंतिम संरेखण स्वीकृति प्राप्त न होने के कारण अभी तक सात गांव की जमीन की ही खरीदारी की जा रही है। खन्ना गांव की सर्वाधिक 92 हेक्टेयर भूमि एक्सप्रेस-वे में आ रही है। खन्ना की जमीन के लिए 100 करोड़ रुपये व्यय का अनुमान है। संरेखण स्वीकृति प्राप्त होने के बाद खन्ना की भूमि का भी बैनामा कराया जाएगा।
एक्सप्रेस-वे की 75 फीसदी भूमि के हुए बैनामे