महोबा। डीजल की खपत में निर्धारित मानक से अधिक खर्च सामने आने पर परिवहन निगम ने चालकों पर कार्रवाई की है। एक से 22 अक्तूबर तक की डीजल खपत की समीक्षा के बाद 56 चालकों से 49,536 रुपये की वसूली की जाएगी। वहीं 47 चालकों को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई से चालकों में खलबली मची है।
महोबा डिपो के डीजल कक्ष से प्राप्त अधिक डीजल खपत के प्रपत्रों के आधार पर जांच की गई। कार्यशाला प्रभारी वीर बहादुर की ओर से रिकवरी की संस्तुति किए जाने के बाद संबंधित चालकों की भूमिका का परीक्षण किया गया। इसमें निर्धारित मात्रा से अधिक डीजल की खपत के मामलों में वसूली की कार्रवाई का निर्णय लिया गया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कमल किशोर आर्य ने समीक्षा में पाया कि यदि चालकों ने सजगता और सावधानी से वाहन चलाया होता तो डीजल की इतनी अधिक खपत नहीं होती। इसी आधार पर संविदा व नियमित चालकों के देयकों से कटौती करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि डीजल खपत पर निगरानी रखी जा रही है ताकि ईंधन की अनावश्यक खपत पर अंकुश लगाया जा सके।