राहत पैकेट बांटते नायब तहसीलदार
- फोटो : अमर उजाला
जिले में गरीबों को समाजवादी राहत पैकेट वितरण कार्यक्रम का दूसरा चरण भी शुरू हो गया है। तहसील परिसर में बुधवार को समाजवादी राहत पैकेट पाने के लिए अंत्योदय कार्ड धारकों की भारी भीड़ जुटी। जिसमें करीब 550 से ज्यादा लोगों को राहत पैकेट वितरित किए गए। राहत पैकेट पाकर गरीबों के चेहरे खिल उठे।
बुंदेलखंड में सूखे के चलते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 31 मई को महोबा में समाजवादी राहत पैकेट अपने हाथों से वितरित कर कार्यक्रम की शुरूआत कराई थी। अब समाजवादी राहत पैकेट की दूसरी किस्त बुधवार को तहसील परिसर में तहसीलदार कबरई कर्मवीर सिंह की देखरेख में वितरित की गई।
सुबह 10 बजे से राशन सामग्री वितरण कार्यक्रम की शुरूआत हुई जो देर शाम तक चलती रही। वितरण दौरान भारी भीड़ जुटने से अफरा तफरी का माहौल रहा। बाद में अधिकारियों ने व्यवस्थाएं बेहतर कर राशन सामग्री का वितरण कराया। इस दफा राहत पैकेट में हल्दी, चावल, नमक, चीनी अतिरिक्त वितरित किया गया।
पिछले माह समाजवादी राहत पैकेट में 50 किलो का वजन था। इस दफा वजन 62 किलो हो जाने से अंत्योदय कार्ड धारक राहत सामग्री का पैकेट उठा तक नहीं सके। कुछ लोग साइकिल में ले गए वहीं ज्यादातर लोग रिक्शा और आटो में लादकर राहत पैकेट घर ले गए। जिससे सारा दिन रिक्शा चालकों की बल्ले बल्ले रही।