थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरामाफ में सोमवार रात एक मकान में आग लग गई। जिससे आशियाना व गृहस्थी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। घटना में करीब 50 हजार रुपये की क्षति का आंकलन किया गया है। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस व राजस्व विभाग को दी है।
ग्राम पिपरामाफ निवासी रामप्रसाद सोमवार की शाम खेत में बनी झोपड़ी में सोने गए थे। जबकि उनका पुत्र व अन्य परिजन एक शादी समारोह में गए थे। तभी रात में मकान में आग लग गई। धुएं का गुबार व आग की लपटे देख ग्रामीण एकत्र हुए और आसपास स्थित जल स्रोताें से पानी लाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग की घटना में कच्चा मकान, पांच क्विंटल गेहूं व गृहस्थी का अन्य सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित रामप्रसाद ने बताया कि एक तो पहले से ही आर्थिक तंगी चल रही थी। अब आग ने सबकुछ बर्बाद कर दिया। पीड़ित ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों को घटना की सूचना देते हुए मुआवजा दिलाने की मांग की है।