महोबा। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को पहली पाली में हाईस्कूल के कृषि विज्ञान व इंटरमीडिएट के संगीत गायन का प्रश्नपत्र हल कराया गया। कृषि में चार जबकि संगीत गायन में 15 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। शांतिपूर्ण व नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सचल दल ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं।
जिले के 31 परीक्षा केंद्रों ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं संपन्न कराई जा रही हैं। प्रथम पाली में हाईस्कूल कृषि विज्ञान का पेपर कराया गया, जिसमें पंजीकृत 57 छात्र-छात्राओं में से 53 उपस्थित हुए जबकि चार ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह की पाली में ही इंटरमीडिएट के संगीत गायन के प्रश्नपत्र में पंजीकृत 309 परीक्षार्थियों में से 294 परीक्षा दी जबकि 15 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से इंटरमीडिएट के संस्कृत विषय का प्रश्नपत्र कराया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक सुरेश प्रताप सिंह, बीएसए महेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित सचल दस्तों ने बेलाताल क्षेेत्र के आधा दर्जन परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। सभी जगह शांतिपूर्ण परीक्षा होती मिली। डीआईओएस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की नजर में पेपर कराए जा रहे हैं। जिले में अभी तक कोई नकलची नहीं पकड़ा है। परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।