महोबा। लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित होने वाली पीसीएस परीक्षा को लेकर जिले में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
दो पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा में 4,128 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
पीसीएस परीक्षा के लिए वीर भूमि राजकीय महाविद्यालय में दो केंद्र ब्लॉक-ए व ब्लॉक-बी, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज, डीएवी इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज महोबा को केंद्र बनाया गया है।
इनके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर, राजकीय गंगा सिंह इंटर कॉलेज चरखारी, राजकीय महाविद्यालय चरखारी और जीजीआईसी को केंद्र बनाया है। सुबह की पाली में परीक्षा साढ़े नौ बजे से 11:30 बजे तक व दूसरी पाली में दोपहर ढाई से शाम साढ़े चार बजे तक होगी।
इसको लेकर जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में डीएम मृदुल चौधरी व एसपी पलाश बंसल ने पीसीएस परीक्षा-2024 की तैयारियों को लेकर सेक्टर, स्टैटिक, जोनल मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक ली। डीएम ने कहा कि प्रतिबंधित सामग्री कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर लेकर न जाने पाए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।