महोबा। एसपी अपर्ण गुप्ता के निर्देश पर अवैध जुआं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापामार कर 31 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। मालफड़ व तलाशी में 84,115 रुपये की नकदी बरामद की गई है।
एसओजी प्रभारी नन्हेलाल यादव, सर्विलांस प्रभारी रवि कुमार व कोतवाल प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने शहर के रामनगर में बीएसएनएल टावर के पास छापा मारा। जहां से ताश के पत्तों से हारजीत की बाजी लगा रहे राजेश साहू, प्रेम अहिरवार, इजहार, इमरान, विपिन व शारिक खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मालफड़ और जामातलाशी से 18,530 रुपये की नकदी बरामद की है। वहीं मोहल्ला दुबियानापुरा से पुलिस ने फूलचंद्र, राकेश, दिलीप, बृजपाल, सुधीर, सुंदरलाल, रामबाबू व घनश्याम को जुआं खेलते पकड़ा। जिनके पास से 31,290 रुपये बरामद हुए हैं।
इसी तरह कल्याण सागर नहर के पास से संजय, कालका, रामकिशोर, मनीष, मनोज व शानू को 26,680 रुपये के साथ जुआं खेलते गिरफ्तार किया। इसी तरह कुलपहाड़ कोतवाली पुलिस ने कस्बे में सार्वजनिक स्थान पर जुआं खेल रहे वासुदेव, रविंद्र, देवेंद्र, नंदू, कल्लू अहिरवार, जगमोहन, जय सिंह व रामपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 5,800 रुपये की नकदी बरामद की है।
उधर, कोतवाली चरखारी पुलिस ने राहुल विश्वकर्मा, ऊधम सिंह व काशी यादव को 1,815 रुपये के साथ जुआं खेलते पकड़ा। सभी जुआरियों के खिलाफ जुआं अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।