चिचारा गोशाला का निरीक्षण करते डीएम
- फोटो : MAHOBA
महोबा। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहीत भूमि, चिचारा गोशाला, पंचायत भवन का जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से अधिग्रहित की गई भूमि के मुआवजे की जानकारी ली। कहाकि जो मिट्टी के पट्टे हुए हैं, उनका खनिज अधिकारी मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन करें।
डीएम ने चिचारा गोशाला के निरीक्षण के दौरान गोवंशों का शत-प्रतिशत बधियाकरण व जियो टैगिंग कराने और गोशाला में बिजली कनेक्शन, पेयजल की उचित व्यवस्था के निर्देश दिए। कहा कि गोशाला के गोबर को एकत्र किया जाए। यह गोबर वन विभाग पौधरोपण के लिए तीन रुपये किलो के हिसाब से खरीदेगा। खेल मैदान की जानकारी लेने पर एसडीएम राजेश यादव ने बताया कि जमीन चिंहित कर ली गई है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
पंचायत भवन के निरीक्षण में डीएम ने आयुष्मान कार्डों की जानकारी ली। कहाकि गांव के जिन पात्रों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनके कार्ड जल्द बनाए जाएं। उन्होंने पंचायत भवन में खिड़की व शीशे लगवाने और गांव की गलियों में जलभराव होने पर तत्काल इसका समाधान कराने के बीडीओ कबरई को निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने खरेला के बीहड़ क्षेत्र में पौधरोपण के लिए चिंहित की गई 15 हेक्टेयर भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्रीय वनाधिकारी को कार्ययोजना बनाकर पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में सीडीओ डॉ. हरिचरण सिंह मौजूद रहे।