उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद बोर्ड के तत्वावधान में संपन्न हुईं हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में जिले के 34 प्रधान परीक्षक और 253 सहायक परीक्षकाें को नियुक्त किया गया है।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिाओं के मूल्यांकन का कार्य सोमवार से राजकीय इंटर कॉलेज में शुरू कराया जाएगा। इसके लिए परिषद द्वारा हाईस्कूल के लिए 15 प्रधान परीक्षक और 164 सहायक परीक्षक नियुक्त किए गए हैं। जबकि इंटरमीडिएट के लिए 19 प्रधान परीक्षक और 87 सहायक परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। जो सुबह दस बजे पहुंचकर मूल्यांकन केंद्र में उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक मंशाराम पटेल ने बताया कि परिषद से जारी नियुक्ति पत्र मूल्यांकन केंद्र पर प्रवेश के लिए अपने पास रखना अनिवार्य है। टीचरों द्वारा मूल्यांकन के मद्देनजर मूल्यांकन केंद्र पर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्हाेंने बताया कि मूल्यांकन कार्य सेवा का अनिवार्य अंग है। इसलिए सभी प्रधान और सहायक परीक्षक अनिवार्य रूप से मूल्यांकन के लिए केंद्र पर उपस्थित हाें। उन्हाेंने अनुपस्थित होने पर प्रधान और सहायक परीक्षकाें के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।