शहर वासियों को विकास की सौगत देने और शहर को सुंदर बनाने के लिए शासन ने जिला प्रशासन से प्रस्ताव मांगा है। जिसके मद्देनजर रविवार को नगर पालिका सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर की मुख्य सड़कों, बिजली लाइन और पाइप लाइन बिछाए जाने के लिए विचार विमर्श किया गया। सभी की सहमति के बाद 26 करोड़ रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। जिसे जल्द ही शासन को भेजा जाएगा।
जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह ने बताया कि हवेली दरवाजा से गैस एजेंसी के समीप हाईवे तक, कानपुर रोड से बीजा नगर तिराहे, रामकथा मार्ग से टीवीएस एजेंसी तक, सुभाष चौक से बजरिया पुलिस चौकी तक और पीपीएन चौराहा से मिशन चौराहा तक और सुभाष चौक से वाल्मीकि चौराहा तक सीसी रोड का निर्माण कराए जाने और पानी की व्यवस्था के लिए शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। जिससे शहर का बड़े शहरों की तरह सुंदरीकरण होगा।
पीपीएन चौराहा से मिशन चौराहा तक 14 मीटर चौड़ी और दस इंच ऊंची सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा अनुरागी ने कहा कि सड़काें के निर्माण कार्य उनके ही कार्यकाल में कराया जाए। उन्हाेंने बताया कि जिलाधिकारी के प्रयास से महोबा को नई सड़कें जल्द ही मिलने वाली हैं।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता एएन सिंह ने बताया कि सड़क पर 500 मीटर की दूरी पर एक पाइप डाला जाएगा। जिससे एक पार से दूसरे पार केबिल डालने व पाइप लाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई न करनी पड़े। बैठक में उप जिलाधिकारी प्रबुद्ध सिंह, सभासद इसराफील, सलमा, हाजरा, लक्ष्मी शिवहरे, कुंवर चौरसिया, तुलसीदास सहित तमाम सभासद मौजूद रहे।