महोबा/चरखारी। मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण के बाद जारी की गई कच्ची मतदाता सूचियों में काफी खामियां सामने आ रही हैं। चरखारी कस्बे में एक ओर जहां एक ही मकान नंबर पर हिंदू-मुस्लिम परिवारों के 22 लोगों के नाम दर्ज हो गए हैं तो वहीं यहां के एक डॉक्टर की तीन पीढि़यां जिस मकान में निवास कर रही हैं।
एसआईआर की कच्ची सूची में उस मकान का नंबर शून्य दर्शाया गया है। इसके साथ ही कई अन्य खामियां भी इन मतदाता सूचियों में देखने को मिल रही हैं। इन्हें दुरुस्त करने में बीएलओ जुट गए हैं।
जिले में निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। अब कच्ची मतदाता सूचियां प्रकाशित होने के बाद इनमें कमियां सामने आ रही हैं। चरखारी कस्बे के तुर्कियाना मोहल्ले की मतदाता सूची देखने पर कई मजेदार चीजें सामने आईं। यहां पर मकान नंबर-6 में कयामुद्दीन, रहमत, रजिया, शमीम बानो, रजिया के साथ अमन और जीतेंद्र समेत 22 लोगों के नाम दर्ज हैं। इसी मतदाता सूची में शून्य मकान नंबर पर कस्बे के डॉक्टर मधुकर मोहन द्विवेदी का नाम भी दर्ज है। उनकी तीसरी पीढ़ी जिस मकान में निवास कर रही हैं, कच्ची मतदाता सूची में उस मकान का नंबर शून्य दिखाया गया है।
डाॅ. मधुकर इसको लेकर आश्चर्यचकित हैं। उनके इसी शून्य नंबर वाले मकान में मोहल्ले के आरिफ, शबाना और रोशनी को भी मतदाता दर्शाया गया है। इसी तरह से कस्बे के कजियाना मोहल्ला के 24 से अधिक मतदाताओं के नाम टिलवापुरा वार्ड में दर्ज हो गए हैं जबकि रायनपुर के करीब 100 मतदाताओं के नाम हटवारा वार्ड में दर्ज होने से मतदाता परेशान हैं। उधर, चरखारी तहसीलदार रामानंद मिश्रा का कहना है कि वार्ड समायोजन और क्रमांक की प्रक्रिया के दौरान कुछ मकान नंबर बदल गए हैं। इसलिए ऐसी स्थिति बनी है। अंतिम मतदाता सूची में ये सभी कमियां दुरुस्त हो जाएंगी।