संवाद न्यूज एजेंसी
कबरई (महोबा)। थाने के गहरा गांव में पशुबाड़े की दीवार तोड़कर चोर एक पशुपालक की 22 बकरियां चुरा ले गए। सुबह जब पशुपालक पशुबाड़े पहुंचा तो बकरियां गायब देख उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर चौकी सुरहा व थाना कबरई में दी है। एक लाख से अधिक कीमत की बकरियां चोरी होने से पीड़ित परिवार परेशान है।
गांव के राधेश्याम यादव पुत्र गंगाराम बकरी पालन करके परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। राधेश्याम दिन में बकरियों को चराने जंगल की ओर ले जाता था और शाम को पशुबाड़े में बंद कर देता था। गुरुवार की रात चोरों ने पशुुबाड़े की दीवार तोड़ दी और सभी 22 बकरियां चोरी कर ले गए। शुक्रवार की सुबह जब पशुपालक पशुबाड़े पहुंचा तो एक हिस्से की दीवार टूटी मिली और बकरियां गायब मिलीं। रास्ते में चार पहिया वाहन के निशान मिलने पर आशंका जताई जा रही है कि चोर किसी वाहन में बकरियां भरकर ले गए हैं।
पीड़ित पशुपालक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एक साथ 22 बकरियों के चोरी होने की घटना से पीड़ित परेशान है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने बताया कि चोरी गईं बकरियों की कीमत एक लाख रुपये से अधिक है। अब उसे परिवार के भरण-पोषण में दिक्कत होगी।