कबरई पावर हाउस में आयोजित एकमुश्त समाधान योजना शिविर के बारे में अवर अभियंता रामकरण यादव ने बताया कि यहां शासन और डिवीजन ने 130 लाख रुपये की वसूली का लक्ष्य दिया था। एक हजार रुपये के साथ उपभोक्ता को एकमु़श्त समाधान योजना में पंजीकरण कराने पर शत प्रतिशत सरचार्ज की छूट दी जा रही है। जिससे उपभोक्ताओं को काफी राहत मिल रही है। अभी तक शासन ने इसे 10 जनवरी तक लागू किया था। लेकिन योजना की सफ लता को देखते हुए इसे 30 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। अभियंता रामकरण यादव ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए अभी तक 388 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है। जिन्हें योजना का लाभ दिया जाएगा। योजना के तहत अभी तक 52 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। अब हर हाल में लक्ष्य को पूरा कराने के लिए टीमें गठित की गई हैं। जो डोर टू डोर जाकर चेकिंग अभियान के साथ कटिया कनेक्शनों को नियमित करेंगी। बिजली चोरी रोकने के लिए औचक निरीक्षण भी पुलिस बल के साथ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कबरई बस्ती के अंदर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। साथ ही बिजली चोरी पाए जाने पर थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। शासन ने पूरे प्रदेश में बिजली चेकिंग अभियान चलाया है। जिसके चलते कहीं भी अवैध कनेक्शनों और बिजली के बकाएदारों को बख्शा नहीं जाएगा।