बेलाताल (महोबा)। कस्बा जैतपुर के नरैयापुरा में चोरों ने सेवानिवृत्त लेखपाल के मकान से दो लाख रुपये चोरी कर लिए। चोर जेवर नहीं ले जा सके।
नरैयापुरा निवासी ब्रह्मदत्त उपाध्याय सेवानिवृत्त लेखपाल हैं। शनिवार की रात वह अपनी बेटी का इलाज कराने जनपद चित्रकूट गए थे। तभी देर रात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने अटैची व बक्सों में रखी दो लाख की नकदी चोरी कर ली।
सुबह पीड़ित के छोटे भाई केडी उपाध्याय ने जब मकान के ताले टूटे और सामान बिखरा देखा तो पुलिस व बड़े भाई को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। एक ताला नाली में टूटा मिला। पीड़ित ने चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।