महोबा। यातायात माह नवंबर के तहत शनिवार को विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शहर में जागरुकता रैली निकाली। हाथों में तख्तियां लिए छात्र-छात्राएं वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करते चलते रहे। बच्चों ने विभिन्न नारों के माध्यम से दुर्घटनाओं से बचने के नियम बताए।
डीएम आवास से शुरू हुई रैली को एसडीएम जितेंद्र कुमार व डीआईओएस सुरेश प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली परमानंद चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, आल्हा चौक, तहसील चौराहा, मुख्य बाजार, सुभाष चौकी होते हुए कीरत सागर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई।
इस मौके पर सीओ रामप्रवेश राय ने कहा कि गातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं। इनमें कमी लाने के लिए जागरूकता जरूरी है। सभी लोग सड़क पर चलते समय नियमों का पालन करें।
उन्होंने नशे की हालत में वाहन न चलाने और बाइक चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने की अपील की। रैली में साईं कॉलेज ऑफ एजुकेशन, नवोदय विद्यालय, सेठ मथुरा प्रसाद पब्लिक स्कूल समेत एक दर्जन से अधिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
इस मौके पर यातायात प्रभारी शिवपाल सिंह, साईं कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुुशील कुमार शुक्ल, प्रशासनिक अधिकारी राकेश तिवारी, नवोदय विद्यालय के सीएस चौहान, समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी आदि शामिल रहे।