महोबा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की जिला कार्यसमिति की बैठक रविवार को जिलाध्यक्ष बेनीप्रसाद यादव की अध्यक्षता में हुई। जिसमें शिक्षकों की समस्याओं और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया गया। चेतावनी दी कि संगठन शिक्षकों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नही करेगा।
शहर के शिशु शिक्षा निकेतन विद्यालय में आयोजित बैठक में शिक्षकों के उपार्जित अवकाश एवं अवशेष एरियर का शीघ्र भुगतान कराने का प्रस्ताव पास किया गया। साथ ही वेतन विसंगति के संबंध में चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों की एनपीए कटौती न कराने पर वेतन रोकने जैसी कार्रवाई का पदाधिकारी प्रदेश संगठन को अवगत कराकर विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन अगले सत्र से शिक्षा उन्नयन गोष्ठियां एवं कर्तव्य बोध कार्यक्रम करके शिक्षकों का सम्मान दिलाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा विद्यालय विकसित करने और संस्कारवान छात्र व गुणवत्ता शत प्रतिशत करने वाले शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। बैठक में विद्यालयों में अवशेष स्वेटर की धनराशि एवं परीक्षाओं की धनराशि विभाग द्वारा शीघ्र भिजवाने का प्रस्ताव पास किया गया। सभी शिक्षकों ने संकल्प लिया कि वह विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण तैयार करने के लिए विद्यालयों को मॉडल रूप में विकसित कर गुणवत्ता संवर्धन का काम करेंगे। इस मौके पर महामंत्री मुकेश कुमार श्रीवास, जफर खान, रामनरेश, उर्मिला देवी, हरीचरण, आशुतोष, सुनील कुमार, संतोष कुमार यादव, फूलसिंह, कालूराम सहित तमाम शिक्षक मौजूद रहे।
शिक्षकों का शोषण नही होगा बर्दाश्त