कुलपहाड़ (महोबा)। जनपद मऊ में कार्यरत लेखपाल धीरज सिंह के हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने व पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को लेखपाल संघ ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी जंगबहादुर बहादुर यादव को सौंपा। लेखपालों ने जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में लेखपालों ने बताया कि जनपद मऊ में कार्यरत लेखपाल धीरज सिंह द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत आवेदन व घोषणा पत्र के संकलन का कार्य किया जा रहा था। 11 फरवरी को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के आवेदन लेकर आए आधा दर्जन लोग लेखपाल के पास आए और गोली मारकर हत्या कर भाग गए। जिससे लेखपालों में आक्रोश है। लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष अशोक कुमार त्रिपाठी, तहसील मंत्री बहादुर वर्मा ने हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाने, लेखपाल के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता करने, लेखपाल की पत्नी को पेंशन एवं आश्रितों को तत्काल नौकरी दिए जाने की मांग की है।
साथी की हत्या के विरोध में भड़के लेखपालों ने सौंपा ज्ञापन