मुख्यमंत्री का संभावित दौरा 12 जनवरी को
अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। जिले में 12 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर अधिकारियों की नींद उड़ गई है। बुधवार को जिलाधिकारी सहदेव ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ जिले में किए गए विकास कार्यों की समीक्षा की और अभिलेख दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डीएम ने अफसरों के साथ संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण भी किया।
जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उनके विभागों द्वारा जनपद में कराए गए विकास कार्यों की गहन समीक्षा कर विकास पुस्तिका के लिए सूची उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री जी के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों, योजनाओं और उपलब्धियों की समीक्षा बैठक भी की जाएगी इसलिए सभी अधिकारी आज से ही तैयारियां पूर्ण कर लें और अभिलेख दुरुस्त रखे।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए पॉलिटेक्निक ग्राउंड, रेलवे ग्राउंड और विरमा भवन आदि जगहों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम मेें विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और लोगों को विभिन्न प्रकार की योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर अधिकारियों की बेचैनी बढ़ गई है। इस दौरान कही कोई खामी न मिले इसको लेकर अभिलेख दुरस्त कराए जा रहे है। बैठक में सीडीओ हीरा सिंह के अलावा तमाम अधिकारी मौजूद रहे।