महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में किसान समेत 18 लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां सात लोगों की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
थाना खन्ना के बरभौली गांव निवासी किशन (25) शुक्रवार की रात खेत से घर लौट रहा था। रास्ते में अन्ना मवेशी को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इससे किशन गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मध्यप्रदेश के रनमऊ निवासी लखन (40) और रामपाल (42) बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इससे बाइक गिरने से दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी तरह गुढ़ा निवासी पदम सिंह, किड़ारी निवासी अंकित, कठकुलवापुरा निवासी दशरथ, कुलपहाड़ निवासी आर्यन, लवकुशनगर निवासी कामता, कबरई निवासी महेश, महोबकंठ निवासी रामसनेही, गांधीनगर निवासी शिवकुमार, स्वामीदीन, बेलाताल निवासी मुकेश, रिखवाहा निवासी रूबी, मुस्करा निवासी रीना, कांशीराम कॉलोनी निवासी मनमोहन, टीकामऊ निवासी हरीदास व मुड़हरा निवासी आनंद अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। पदम, दशरथ, आर्यन, कामता, महेश, रामसनेही और शिवकुमार की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है।