खन्ना (महोबा)। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिन खन्ना कस्बे के टोल प्लाजा में जागरुकता शिविर का आयोजित हुआ। इसमें लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा की शपथ दिलाई गई।
जागरुकता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीओ सदर जितेंद्र कुमार दुबे ने सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। कहा कि नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं। नशे की हालत में अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका रहती है।
देश में सर्वाधिक मौतें सड़क दुर्घटनाओं से होती हैं। ऐसे में वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें। दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करते और फोन पर बात न करें। रात्रि में डिपर का प्रयोग करें।
कार्यक्रम में खन्ना टोल प्लाजा प्रबंधक प्रवेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि अक्सर युवा तेज गति से वाहन चलाते हैं, इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें, मोड़ पर धीमे चलते हुए हार्न का प्रयोग करने की अपील की। कहा कि ध्यान रखें कि समय बहुमूल्य है किन्तु जीवन अमूल्य हैं। ऐसे में यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पार करते समय दोनों ओर देख लें। यहां खन्ना थाना प्रभारी रीता सिंह, जगन्नाथ राव, नीरज सिंह, बृजेंद्र पाल, वाहन चालक व कर्मचारी मौजूद रहे।