शार्ट सर्किट से घर में लगी आग, सामान जला
अमर उजाला ब्यूरो
कनकुआ (महोबा)। थाना महोबकंठ के ग्राम उमरई में सोमवार की रात शार्ट सर्किट से एक मकान में लगी आग से हजारों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों के एकजुट प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारियों को दी।
ग्राम उमरई निवासी इंद्रपाल पुत्र महीपत सोमवार की रात घर पर था। तभी अचानक शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार भरने पर परिजन बाहर निकल आए। शोर शराबा सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक घर में रखी गृहस्थी व अन्य सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित ने बताया कि आग की घटना में कच्चा घर, गृृहस्थी, कपड़े व खाद्यान जल गया है। घटना की सूचना थाना पुलिस व राजस्व विभाग को दी गई है। घर के अंदर बिजली के तारों में शार्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई लेकिन मौके पर दमकल कर्मी नही पहुंचे। जिससे हजारों का नुकसान हुआ।