महोबा। जिले की सीमा से सटे भितरिया गांव के प्राचीन कालीमाता मंदिर में बुधवार की दोपहर आयोजित कन्याभोज के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से मासूम समेत 16 लोग जख्मी हो गए। तीन की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल महोबा में भर्ती कराया गया। वहां उनका उपचार चल रहा है।
जनपद छतरपुर के गर्रापुरवा निवासी मैयादीन कुशवाहा ने बताया कि भितरिया गांव के बाहर स्थित प्राचीन कालीमाता मंदिर में नवरात्रि पर हर साल कन्या खिलाते हैं। बुधवार की दोपहर गांव की 20 से अधिक कन्याएं व अन्य लोग भोज में शामिल होने पहुंचे। हवन-पूजन के दौरान पेड़ के छत्ते से उड़ी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। मधुमक्खियों के हमले से मानसिंह (दो माह), सोमवती (18), रामश्री (18), आयुष (08), माही (13), प्रांशी (12), बबलू (30), उसकी बेटी अंशिका (13), बेटा अनिकेत (10), अर्जुन (35), भूरी (16), दिव्यांश (10), हिमांशु (11), जीतू (13), सिद्धू (11) और सुधा (15) घायल हो गए। सभी को तत्काल नजदीक के अस्पताल लाया गया। मानसिंह, सोमवती व रामश्री की हालत नाजुक होने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लाए। वहां उनका उपचार चल रहा है। इमरजेंसी में तैनात डॉ. अमित राजपूत ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले से 15 से अधिक लोग जख्मी हुए हैं। तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।