महोबा। भीषण गर्मी व चिलचिलाती धूप से आज पूरे दिन लोग बेहाल रहे। रविवार का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। तन झुलसाने वाली कड़ी धूप के चलते दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। मजबूरी में घर से बाहर निकलने वाले लोग गमछे व तौलिए से चेहरा ढक कर निकले।
रविवार को सुबह 10 बजे से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। गर्म हवाओं के चलने से लोग घरों में कैद रहे, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। तेज धूप और लू से बचने लोग सिर पर अंगोछा, तौलिया बांधकर निकले। युवतियां और महिलाएं सिर पर स्टॉल और हाथ में दस्ताने पहनकर निकली। दीवारें और छते तपने के कारण पंखे, कूलर तक काम नहीं कर रहे हैं। लू और तेज धूप से बचने के लिए लोग शाम 5 बजे के बाद घरों से निकले, लेकिन लू का असर शाम 7 बजे तक रहा। वहीं, इस भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने भी लोगों को खूब रुलाया।