हमीरपुर। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के लिए जिले में प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो गई हैं। जिले के 18 मतदेय स्थलों पर 15,397 पंजीकृत स्नातक मतदाता 23 अक्तूबर को वोट डालेंगे। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिले को चार जोन और 18 सेक्टरों में बांटा गया है। निगरानी के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसके शुक्ला ने बताया कि निवर्तमान सदस्य डॉ. मान सिंह यादव का कार्यकाल छह दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्तूबर, संवीक्षा सात अक्तूबर और नाम वापसी नौ अक्तूबर निर्धारित है। मतदान 23 अक्तूबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्तूबर को होगी और चुनाव प्रक्रिया 31 अक्तूबर तक पूरी की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम अशोक कुमार ने निर्देश दिए है कि मतदान केंद्रों पर पेयजल, प्रकाश, शौचालय और बैठने समेत जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। मतदान और मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सीडीओ अरुण कुमार सिंह को दी गई है। परिवहन व्यवस्था डिप्टी कलेक्टर शैलेंद्र बहादुर, निर्वाचन सामग्री व मतपत्र व्यवस्था एडीएम नमामि गंगे विजय सिंह संभालेंगे। कंट्रोल रूम व शिकायत निवारण डिप्टी कलेक्टर आलोक प्रताप सिंह, वीडियोग्राफी उपायुक्त श्रम रोजगार कृष्णमोहन और मीडिया प्रबंधन जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार देखेंगे।
आचार संहिता के अनुपालन की जिम्मेदारी एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार और एएसपी अरविंद कुमार वर्मा को दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके संपन्न कराया जाएगा।