फोटो 17 एमएएचपी 12 परिचय-अर्जुन सहायक नहर से निकलता लहचूरा बांध से छोड़ा गया पानी। संवाद
-बढ़ाई गई बांध पर निगरानी, दो-दो घंटे के अंतराल में हो रही जलस्तर की नाप
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित लहचूरा बांध का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया है। हालात को देखते हुए बांध का एक गेट खोलकर सोमवार को अर्जुन सहायक नहर में 1,200 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। साथ ही धसान मुख्य फीडर में भी 300 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया। उधर, सिंचाई विभाग की ओर से बांध की लगातार निगरानी की जा रही है।
लहचूरा बांध क्षेत्र में इस समय बारिश हो रही है। बांध की न्यूनतम भंडारण क्षमता 179.83 मीटर और अधिकतम भंडारण क्षमता 182.30 मीटर है। वर्तमान में जलस्तर 182.30 मीटर पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए लहचूरा बांध से अर्जुन सहायक नहर में 1,200 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। नहर से यह पानी तहसील चरखारी स्थित अर्जुन बांध में पहुंच रहा है। इससे अर्जुन बांध का भी जलस्तर बढ़ रहा है। साथ ही धसान मुख्य फीडर में 300 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जो जनपद हमीरपुर के राठ क्षेत्र में पहुंच रहा है।
लहचूरा बांध के अवर अभियंता रामआसरे का कहना है कि इस समय बांध पूरी क्षमता के साथ भरा हुआ है। बांध की लगातार निगरानी की जा रही है। अतिरिक्त पानी को लहचूरा बांध से डिस्चार्ज किया जा रहा है।