महोबा। उत्तर-मध्य रेलवे झांसी मंडल की ओर से महोबा-झांसी रेलवे ट्रैक पर गुरुवार को ट्रेनों में सघन मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना टिकट और अनाधिकृत कोच में यात्रा करते मिले 146 यात्रियों से करीब 90 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में झांसी रेल मंडल की ओर से महोबा-झांसी रेलवे ट्रैक पर बिना टिकट और अनाधिकृत कोच में यात्रा करने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। मजिस्ट्रेट प्रतीक त्रिपाठी व सहायक वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में चेकिंग की गई।
मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक मनोहर लाल मीणा, अरुण सचान ने भी टीम के साथ चेकिंग की। टीम ने ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस, चंबल एक्सप्रेस, बुंदेलखंड एक्सप्रेस, मानिकपुर-झांसी मेमू आदि ट्रेनों में जांच की। उधर, झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि यात्री ट्रेनों में यात्रा के दौरान वैध टिकट अवश्य रखें। भविष्य में भी इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।